हिन्दी साहित्य काव्य संकलन: अरुण कमल
अरुण कमल लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
अरुण कमल लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

बुधवार, 22 फ़रवरी 2012

हार की जीत

हार की जीत - (कवि - अरुण कमल)

नहीं, मुझे अपनी परवाह नहीं
परवाह नहीं हारें कि जीतें
हारते तो रहे ही हैं शुरू से
लेकिन हार कर भी माथा उठ रहा
और आत्मा रही जयी यवांकुर-सी हर बार
सो, मुझे हार-जीत की परवाह नहीं
लेकिन आज ऎसा क्यों लग रहा है जैसे मैं खड़ा हूँ और
मेरा माथा झुक रहा है
लगता है आत्मा रिस रही है तन से
रक्त फट रहा है
और मेरे कंधे लाश के बोझ से झुक रहे हैं
नहीं, यह बात किसी को मत बताना खड्ग सिंह
नहीं तो लोग ग़रीबों पर विश्वास करना छोड़ देंगे।


सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

स्वप्न

स्वप्न - (कवि - अरुण कमल)

वह बार-बार भागती रही
ज्यों अचानक किसी ने नींद में पुकारा
कभी किसी मंदिर की सीढ़ी पर बैठी रही घंटों
और फिर अंधेरा होने पर लौटी
कभी किसी दूर के सम्बन्धी किसी परिचित के घर
दो-चार दिन काटे

कभी नैहर चली गई
हफ़्ते-माह पर थक कर लौटी
हर बार मार खा कर भागी
हर बार लौट कर मार खाई
जानती थी वो कहीं कोई रास्ता नहीं है
कहीं कोई अन्तिम आसरा नहीं है
जानती थी वो लौटना ही होगा इस बार भी

गंगा भी अधिक दूर नहीं थी
पास ही थीं रेल की पटरियाँ
लेकिन वह जीवन से मृत्यु नहीं
मृत्यु से जीवन के लिए भाग रही थी
खूँटे से बँधी बछिया-सी जहाँ तक रस्सी जाती, भागती
गर्दन ऎंठने तक खूँटे को डिगाती

वह बार-बार भागती रही
बार-बार हर रात एक ही सपना देखती
ताकि भूल न जाए मुक्ति की इच्छा
मुक्ति न भी मिले तो बना रहे मुक्ति का स्वप्न
बदले न भी जीवन तो जीवित बचे बदलने का यत्न



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

सृष्टि

सृष्टि - (कवि - अरुण कमल)

शुरू में कुछ भी नहीं था
थी बस मिट्टी
पानी
पुआल
और पटरे-खपच्चियाँ

काठ के चौड़े पटरे पर
दो-तीन खपच्चियाँ ठोंकी गईं
फिर चारों ओर लपेटा गया
खाली पुआल
कहीं ज़्यादा कहीं कम
कहीं कुछ कसा कहीं जरा ढीला
और लगा जैसे खड़ा हो आदमी का धड़
कुछ-कुछ मोथे की जड़-सा ऊबड़-खाबड़

गूंधी गई काली मिट्टी
मिट्टी का ही कुछ बना लेप
और बार-बार पानी में छपकी उंगलियाँ

मिट्टी चढ़ी
पुआल पर चढ़ी मिट्टी
कहीं पुआल बिल्कुल झँप गया
कहीं बड़ी मुश्किल से दबा
कहीं बिल्कुल बाहर झाँकता

पुआल पर चढ़ी मिट्टी
जैसे कि उठ रही हो भित्ति

और अब साफ़ था सामने कंधा
उभरा वक्षस्थल
और थोड़ा झुकी बाहें
दृढ़ हथेलियों ने चढ़ाईं
धीरे-धीरे
मिट्टी पर मिट्टी की परतें
एक-एक कतरा मिट्टी
बनती गई वक्ष
कमर
जांघ पृथुल
बाँह
आँखें
नाक
और फिर चढ़ी मिट्टी
शरीर के एक-एक घुमाव को पजाती
रेशा-रेशा उठाती

एक बार फिर हथेलियाँ घूमीं
और स्तन उठे गोल
एक बार फिर सँसरी हथेलियाँ ऊपर से नीचे
और दृढ़ हुई जांघ–
क्षण भर पहले तक जो थी मिट्टी
बन गई देखते-देखते सुडौल देह
और अब खड़ी है सामने
सृष्टि के सारे घुमाव भरे

शुरू में कुछ भी नहीं था
थी बस मिट्टी
पानी पुआल
और खपच्चियाँ पटरे

शुरू में कुछ भी नहीं था।



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

सूचकांक

सूचकांक - (कवि - अरुण कमल)

पहले एक क़िताब की दुकान पर काम पकड़ा
हफ़्ते-भर रहा फिर बैठ गया
बोला, मन नहीं लगा;
जब रात भर पेट गुड़गुड़ाया तो फिर एक प्रेस में लग गया
और कोई दस दिन बाद मुझे मंदिर की सीढ़ियों पर मिला
मालिक जल्लाद था, बोला;
तब विद्यार्थियों के लिए टिफ़िन ढोने लगा बाँस के डंडे पर
और चौथे ही दिन अण्डा चुराने के इल्जाम में वापस
सड़क पर;
फिर एक कूरियर सर्विस में घुस गया
और भूत की तरह बारह दिन सायकिल रौंदने और
सैंकड़ों घंटियाँ बजाने के बाद
उसे अचानक लगा कि वह सिर्फ़ ख़ुराकी पर खट रहा है
तो एक दिन मय चिट्ठियों के चम्पत हो गया;
फिर तो कई काम किये, छोड़े, किये छोड़े
मारा-मारा फिरा एक दो बार घायल भी हुआ पता नहीं कैसे,
एक दिन अस्पताल में मिल गया पड़ा-पड़ा
खिड़की से पुकारा
पर प्यारे ने हिम्मत नहीं हारी
हाथ-पाँव मारता रहा
आख़िर एक दिन दारु-भट्टी में जुगाड़ लगा
और वहाँ टिक गया
शरीर भी अब गोटा गया
फट से दो-दो कमीज़ें खरीदीं, एक सफ़ेद एक धारी वाली
एक काला चश्मा
और एक कैप जिसे कालेजिया लड़कों की तरह उल्टा पहनता
और एक दिन लड़की भी देख ली रिश्ते में
तभी एक दिन देखा मैंने
पटने के अशोक राजपथ पर
अगल-बगल सिपाही
कमर में रस्सा!



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

सन्निपात्त

सन्निपात्त - (कवि - अरुण कमल)

खुरच रहा है चारों तरफ से
देखने को कि देखें क्या है अन्दर
कि देखें यह नाटा आदमी
क्या सोच रहा है भीतर-भीतर
क्या पक रहा है कुम्हार के आवे में
हालाँकि सत्ता अब निश्चिन्त सो रही थी धूप में
क्योंकि लोगों के माथे में गोद दिया गया था कि
जो भिखमंगा बैठा है मंदिर की सीढ़ी पर वही है दुश्मन
जो दुकान के तलघर में बीड़ी बना रहा है वही है दुश्मन
जो बंगाल की खाड़ी में मछली मार रहा है वही है दुश्मन
फिर भी सत्ता कभी सोती नहीं
सो उसने हर तरफ़ से आदमी भेजे
किसी ने कहा मैं पक्ष में बयान दूँ
किसी ने कहा विपक्ष में बयान दूँ
और ये सब वही थे जो कभी न कभी
उसका पुआ खा चुके थे
या जो मुझे गिरवी रख ख़ुद छूटना चाहते थे

और वे सब मेरा दरवाज़ा कोड़ रहे थे
और यहीं मुझे अपने को इस तरह घेरना था
जैसे तार की जाली में पौधा
मेरे कुछ भी कहने यहाँ तक कि हाँ-हूँ से भी डर था
अमावस में एक जुगनू भी ख़तरा है

एक ने तो अचानक चलते-चलते पूछ दिया
आपको कौन-सा फूल पसन्द है
और मैं बस फँस ही जाता कि याद पड़ा डर है
लगातार उनकी बात पर ताली बजाता
सभी पितरों नदियों पर्वतों को गाली देता
किसी तरह साबित करता कि मैं भी वही हूँ जो वे हैं

कि मैं भी ख़ुद उनके द्वार का पाँवपोश उनके न्यायाल्य के
गुम्बद का परकटा कबूतर
पर उन्हें विश्वास न था
मेरी आँख में कुछ था जो घुलता न था
और मेरी रीढ़ में थी कलफ़
और शायद रोओं से कभी-कभी फूटता था धुआँ
और सबसे अलग बात ये कि मैं अपना खाता अपना ओढ़ता
व्यवस्था वैसे खुली थी मुक्त पर दिमाग बंद ही शोभता है
इसीलिए वे परेशान थे इसीलिए मैं लगातार घिरता जा रहा था
जैसे सूअर पकड़ते हैं घेर कर
और एक दिन आख़िर मेरे मुँह से निकल ही गया
मारना ही है तो मार दो, बहाना क्यों?



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

संवत

संवत - (कवि - अरुण कमल)

तप रहा ब्रह्मांड
ऎसा रौद्र
ऎसी धाह
रेत इतनी तप्त कि तलवे उठ रहे पड़ते,
रेंगनी काँटॊं के फूल पीले
और उनकी भाप भरी गंध
और गिरगिटों का रंग धूसर

मैं तो नदी की खोज में चला था
ज्वर से तपते बच्चों के वास्ते मैं तो
रेत में छिपे जल को टेरता चला था
और यहाँ मरघता पर बैठा हूँ
चिताओं की अग्नि तापता।



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

संधि-पत्र

संधि-पत्र - (कवि - अरुण कमल)

जब उन्होंने कहा कि मेरी बात से उनकी भावना को
चोट पहुँची है और उनका मर्म आहत हुआ है
तो मैंने एक बार आँख फेर उन सब को देखा यहाँ से वहाँ तक–
जो अपनी पत्नियों को पीट कर आए
जो अपनी बेटियों को मार कर आए
जो अपनी बहुओं को मार कर आए
जो अपने पड़ोसियों को काट कर आए
जो लाशों पर पैर रखते नाले पार कर जयघोष करते आए–
उधर है हृदय, इधर निष्ठुरता

वे चाहते हैं मैं होंठ सी कर रहूँ
पर मेरी भावना दहलती है भुनता है कलेजा
काँपती है आत्मा, जली हुई चमड़ी उतरी देह-सी

रोको इस पर आक्रमण, मैं भी चुप हो जाऊंगा–
यह रहा संधि-पत्र!



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

संगीत

संगीत - (कवि - अरुण कमल)

मैंने उसे ज़ोर से बजाया कान के पास
तो मेरे भीतर हलचल हुई ख़ूब
और बंदी पानी
तीन आँखों तक आया रास्ता फोड़ता
उतने बड़े घर से भाग खोली में छुपा
पानी
हथेलियों से किवाड़ पीटता
छलछला रहा था।



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

शायर की कब्र

शायर की कब्र - (कवि - अरुण कमल)

(नज़ीर अक़बराबादी के प्रति)

न वहाँ छतरी थी न घेरा
बस एक क़ब्र थी मिट्टी से उठती
मानों कोई सो गया हो लेटे-लेटे
जिस पर उतनी ही धूप पड़ती जितनी बाकी धरती पर
उतनी ही ओस और बारिश
और दो पेड़ थे आसपास बेरी और नीम के|

मेमने बच्चे और गौरैया दिन भर कूदते वहाँ
और शाम होते पूरा मुहल्ला जमा हो जाता
तिल के लड्डू गंडे-ताबीज वाले
और डुगडुगी बजाता जमूरा लिए रीछ का बच्चा
और रात को थका मांदा कोई मँगता सो रहता सट कर|

और वो सब कुछ सुनता
एक-एक तलवे की धड़कन एक कीड़े की हरकत
हर रेशे का भीतर ख़ाक में सरकना
और ऊपर उड़ते पतंगों की सिहरन
हर बधावे हर मातम में शामिल|

वह महज़ एक क़ब्र थी एक शायर की क़ब्र
जहाँ हर बसंत में लगते हैं मेले
जहाँ दो पेड़ हैं पास-पास बेरी के नीम के|



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

वापस

वापस - (कवि - अरुण कमल)

घूमते रहोगे भीड़ भरे बाज़ार में
एक गली से दूसरी गली एक घर से दूसरे घर
बेवक़्त दरवाजा खटखटाते कुछ देर रुक फिर बाहर भागते
घूमते रहोगे बस यूँ ही
लगेगा भूल चुके हो लगेगा अंधेरे में सब दब चुका है
पर अचानक करवट बदलते कुछ चुभेगा
और फिर वो हवा काँख में दबाए तुम्हें बाहर ले जाएगी
दूर तारे हैं ऐसा प्रकाश अंधकार से भरा हुआ
कहीं कोई उल्का पिंड गिर रहा है
ऐसी कौंध कि देख न सको कुछ भी
दूर तक चलते चले जाओगे पेड़ों के नीचे लंबी सड़क पर
पेड़ तुम पर झुकते आते
चाँद दिखेगा और खो जाएगा
और तुम लौटोगे वापस थक कर|



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

वापस-2

वापस-2 - (कवि - अरुण कमल)

मैं वहाँ भी गया जहाँ नदी सागर से मिलती थी
वहाँ भी जहाँ मैदान पहाड़ों में ढलते थे
मैं वहाँ भी गया जहाँ झीलों का जल मीठा था
और वहाँ भी जहाँ पहाड़ थे नमक के

मैं इस तरह घूमता रहा जैसे मेरा कुछ खो गया हो
जैसे मेरी एक चप्पल, आधी देह, मैंने सब-कुछ उलट कर देखा

वह स्त्री जो काली मिट्टी से बनी थी
वो स्त्री जो चावल का दाना थी साफ़-सुडौल
वह स्त्री जो पीतल की बनी थी
जो उड़हुल के फूल का कत्थई अंधेरा थी
हर बार लगा जैसे मेरी साँस पूरी नहीं हो रही
लगा जैसे मैं रास्ता भूल गया
और घूमते-घूमते एक बार फिर वहीं आ गया जहाँ से चला था
दरवाज़े का एक पल्ला खुला था
और आंगन में एक पौधा सूखते-सूखते हरा था
एक बेल पक-पक कर कच्चा होता बार-बार।



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

वापस-1

वापस-1 - (कवि - अरुण कमल)

जैसे रो-धो कर चुप हो हाथ-मुँह धो
अंतिम हिचकी भर
वापस चूल्हे के पास लौटती है नई वधू
भाई के जाने के बाद

वैसे ही लौटो तुम भी
बहुत हुआ बहुत रोए-गाए
अब साँझ हो रही है
बत्ती जलाओ और शुरू करो फिर वही पाठ
वहीं जहाँ छोड़ा था कल।



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

लगातार

लगातार - (कवि - अरुण कमल)

लगातार बारिश हो रही है लगातार तार-तार
कहीं घन नहीं न गगन बस बारिश एक धार
भींग रहे तरुवर तट धान के खेत मिट्टी दीवार
बाँस के पुल लकश मीनार स्तूप
बारिश लगातार भुवन में भरी ज्यों हवा ज्यों धूप

कोई बरामदे में बैठी चाय पी रही है पाँव पर पाँव धर
सोखती है हवा अदरक की गंध
मेरी भींगी बरौनियाँ उठती हैं और सोचता हूँ
देखूँ और कितना जल सोखता है मेरा शरीर
तुम इंद्रधनुष हो|



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

रिश्ता

रिश्ता - (कवि - अरुण कमल)

वह समझ नहीं पाती क्या करे
रिश्ते में बड़ी पर हैसियत छोटी
यहाँ इतने नौकर-चाकर और वह ख़ुद
एक सेठ के घर महराजिन

अब आरम्भ होगी विधि
जो बड़े हैं उनकी पैरपुजाई
और वह खड़ी है वहीं मंडप के बाहर
बेमौसम के फल-सी

सबसे पहले उसी की है बारी
सबसे बड़ी फूआ गृहस्थ की।



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

रसोई

रसोई - (कवि - अरुण कमल)

एक दिन बैठे-बैठे उसने
अजीब बात सोची

सारा दिन
खाने में जाता है
खाने की खोज में
खाना पकाने में
खाना खाने खिलाने में
फिर हाथ अँचा फिर उसी दाने की टोह में

सारा दिन सालन अनाज फल मूल
उलटते पलटते काटते कतरते रिंधाते
यों बिता देते हैं जैसे
इस धरती ने बिताए करोड़ों बरस
दाना जुटाते दाना बाँटते
हर जगह हर जीव के मुँह में जीरा डालते
इस तरह की यह पूरी धरती
एक रसोई ही तो है
एक लंगर
वाहे गुरू का!



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

मोसम्बी का रस

मोसम्बी का रस - (कवि - अरुण कमल)

और मुझे ही तुड़ाना है आमरण अनशन

आज चौदहवाँ दिन है और आज ही चार बजे शाम
वहीं अस्पताल में
मुझे देना है हाथ में मोसम्बी का रस
जो एक पाँव रख चुका चौखट के पार
उस डूबते डोल को सारे वृक्षों के बल से खींचना है
ऊपर

'मांग तो मानी न गई
नरसंहार के विरोध में बैठे थे पर
सरकार इतनी ढीठ है इतनी संवेदनहीन'–
कहा एक ने–'बेकार प्राण गँवाने से क्या लाभ?'
'लेकिन यह तो पहले सोचना था; कहा मैंने

'हाँ, लेकिन वे बैठ गए थे तब तक आवेश में
अब सबकी अपील पर तोड़ेंगे'

(सच या झूठ बताते हैं गांधी जी एक बार
जब आमरण अनशन पर गए तो बैठने के पहले
दाँतों के सेट का नाप दिया)

'तो आपको मिला क्या
जान देना तो बहुत आसान है जैसे जान लेना
और जो ऎसे ही जान ले रहा हो उसे जान देने की धमकी
नरसंहार के विरुद्ध निजसंहार की धमकी?'

एक प्याला मोसम्बी का रस यह जीवन
इतना दुर्लभ इतना कठिन पर कच्चा सीवन।



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

बस एक निशान छूट रहा था

बस एक निशान छूट रहा था - (कवि - अरुण कमल)

बस इसलिए कि तुम्हारे देश में हूँ
और तुम मुझे दो मुट्ठी अन्न देते हो
और रहने को कोठरी
मैं चुप्प रहूँ?
इतना तो मुझे वहाँ भी मिल जाता
या इससे भी ज़्यादा बहुत-कुछ अगर इतना बस
सीख जाता कि कहीं कुछ भी हो बस नज़र फेर लो

कैसा समाज है जो
अपनी ही देह की मैल से डारता है
कैसी देह है जो अपने ही नाख़ून से डरती है

लोग तो बोलते ही रहते हैं
इतने अख़बार पत्रिकाएँ फ़िल्म टेलिविजन लगातार
फिर भी ऎसा क्या था जो बोलने में रह गया
ऎसा क्या था जिसका बोलना खतरनाक था?

मैंने कुछ भी तो नहीं किया
बस एक निशान छूट रहा था जो लगा दिया।



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

फिर भी

फिर भी - (कवि - अरुण कमल)

मैंने देखा साथियों को
हत्यारों की जै मनाते

मेरा घर नीलाम हुआ
और डाक बोलने आये अपने ही दोस्त

पहले जितना खुश तो नहीं हूँ मैं
न हथेलियों में गर्म जोशी
न ही आदमी में पहले सा भरोसा
उतनी उम्मीद भी नहीं है अब
हरापन भी पक कर स्याह पड़ गया है

फिर भी मैं जानता हूँ कि अभी-अभी
मारकोस मनीला से भागा
जहाँ तोप के मुँह में मुँह लगाए खड़ा
पन्द्रह साल का एक लड़का

व्हिसिल बजाता

जानता तो हूँ कि बेबी डॉक
जल्दी-जल्दी जाँघिया पहनता
हवाई पट्टी पर दौड़ा

हाइती से बाहर

और जिन औरतों ने चौखट के पार कभी

पाँव नहीं डाला

उन्होंने घेर ली देश की संसद अचानक
इसलिए उम्मीद है कि मेरा घर

मुझे मिलेगा वापस

उम्मीद है कि जनरल डायर ज़िन्दा नहीं बचेगा
अभी भी जलियाँवाला बाग में
अपने पति की लाश अगोरती बैठी है वो औरत
कि लोग सुबह तक आएँगे ज़रूर

नये दोस्त बनेंगे
नयी भित्ती उठेगी
जो आज अलग है
कल एक होंगे

पत्थर की नाभि में अभी भी कहीं

ज़िन्दा है हरा रंग-

मुझे उम्मीद है फिर भी……



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

प्रधान की अभिलाषा

प्रधान की अभिलाषा - (कवि - अरुण कमल)

अपने प्रधान इतने जनतंत्री थे कि
जब भी फ़ोटो लिया जाता
वह अपना एक पैर आगे कर देते,
क्योंकि चेहरे के मुकाबले पैरों की निरन्तर
उपेक्षा रही है फ़ोटो की दुनिया में,
कहते–
मेरी अभिलाषा है कि प्रजा मुझे चेहरे से नहीं
चरणों से जाने।



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

प्रधान की अनिद्रा

प्रधान की अनिद्रा - (कवि - अरुण कमल)

जब अपने प्रधान विदेश गए
तो एक राजधानी के महापौर ने
एक भव्य समारोह में उन्हें नगर-कोष की
स्वर्ण-कुंजी भेंट की सम्मान में

अपने प्रधान रात भर सो नहीं पाए
यही सोचें यही सोचें कि कुंजी तो दी
पर यह तो बताया ही नहीं कि
खजाना है कहाँ?



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org