हिन्दी साहित्य काव्य संकलन: अरुण कुमार नागपाल
अरुण कुमार नागपाल लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
अरुण कुमार नागपाल लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

बुधवार, 22 फ़रवरी 2012

मेरी कविताओं की डायरी

मेरी कविताओं की डायरी - (कवि - अरुण कुमार नागपाल)

मेरी कविताओं की डायरी में
बंद पड़े हैं
कुछ पुराने फूल
कालेज के ज़माने के
एक ऐतिहासिक दस्तावेज़ है
मेरी कविताओं की डायरी
पिंडोरा बाक्स है
एक ख़ज़ाना है
कविताओं की कानें है‍ इस डायरी में
जिसे खोदने पर मिलते हैं
बहुमूल्य हीरे-जवाहरात
रत्न-पन्ने
मोती माणिक्य
जिसमे‍ क़ैद हैं बहुत से अनुभव
अनुभूतियाँ, भावनाएँ
भीगी कोमल यादें
एक निशानी है
अपनों की
एक याद है
गु़ज़रे हुए ज़माने की
बीते हुए दिनों की
अतीत है यह मेरा
अल्लादीन का चिराग है
बर-बार पढ़ने से जिसे
मिलते है‍ नये अर्थ


सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

एलबम

एलबम - (कवि - अरुण कुमार नागपाल)

फ़ुर्सत के लम्हों में
एलबम देखते हुए
लगा जैसे
तस्वीरें बोल रहीं हों मुझसे कुछ
उस दिन पहली बार लगा मुझे
जैसे तस्वीरें सचमुच बोलती हैं



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

मिट्टी के दीये

मिट्टी के दीये - (कवि - अरुण कुमार नागपाल)

मिट्टी के दीयों की चमक
उन्हें जलता हुआ देखना
एक ख़ुशनुमा अहसास देता है
दीयों में छुपी हैं शुभकामनाएँ
इंगित करते हैं उज्जवल, सुनहले भविष्य की ओर
अन्धकार को चीरते हुए सब दीये

मिट्टी मंगलकामनाओं और सृष्टि का प्रतीक है

दीयों की रौशनी
कितनी अलग है बिजली के दीपों और मोमबत्तियों से



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

किताबे-ज़िन्दगी

किताबे-ज़िन्दगी - (कवि - अरुण कुमार नागपाल)

बिखरे रहते हैं सब के सब पन्ने
इधर-उधर उड़ते
यहाँ-वहाँ गिरते
बेतरतीब

ऐसा कोई नहीं
जो काग़ज़ों को एक -एक करके उठाता
हरेक वर्क़ सँभालता
और सँवर जाती
ज़िन्दगी की किताब



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

क़ायनात

क़ायनात - (कवि - अरुण कुमार नागपाल)

मेरे भीतर हैं कई द्वीप
कई गुफ़ाएँ हैं अजंता-एलोरा-सी
कई पक्षी हैं जो चहचहा रहे हैं
ख़ूँख़ार जानवर भी हैं

कई हिमखण्ड हैं
कई सागर,कई दरिया,सदानीरा नदियाँ हैं
बहुत-से नदी-नाले भी
एक पोखर भी है छोटा-सा
पहाड़-पर्वत भी हैं
कई जंगल भी हैं घने अँधेरे
जिनमें मैं अक्सर भटक जाया करता हूँ

खण्ड-ब्रह्माण्ड हैं
आसमान हैं,तारे हैं
अनगिनत पृथ्वियाँ,असंख्य चाँद, कई सूरज भी हैं
पूरी क़ायनात है मेरे भीतर



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

सृजन

सृजन - (कवि - अरुण कुमार नागपाल)

नीली आँखें
भरा पूरा
गदराया जिस्म
उफ़नता यौवन
अछूता रूप
शीतल तरुणाई
इन सब से मिला कर
बनी हो तुम
ऐ मेरी पिघलती कविता



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

समन्दर और मैं

समन्दर और मैं - (कवि - अरुण कुमार नागपाल)

समन्दर किनारे पहुँच
जब मैं इसमें से उठती
लहरों को देखता हूँ
तो इसकी शान्ति को अपने
हृदय में उतार लेना चाहता हूँ
और सीपियों को उठा-उठाकर
सोचता हूँ
अपनी बीती ज़िन्दगी के बारे में
और दिल मेरा हो जाता है
कण-कण
किनारे पर पड़ी रेत की तरह



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

पेड़-1

पेड़-1 - (कवि - अरुण कुमार नागपाल)

आज रंज होता है पेड़ को बुलंदियों पर
बेलौस खड़ा तो है पर लगता है
बेमानी हैं सब के माने
हाँ,यह था महत्त्वाकांक्षी
पर इसने कभी न चाहा था
असाधारण बनना

लोगो ने ज़बरदस्ती बना दिया
दिव्य/अप्रतिम/अनुपम
प्रेमियों ने बाँध दी डोरियां इस पर
प्रेमिकाओं के नाम की
औरतों ने पानी चढ़ाया
बज़ुर्गो ने माँगी मन्नतें
'जोडों' ने जोड़े हाथ
और सब की मिली श्रद्धा

तभी एक पेड़ कहलाया'अदुभुत'
आज लगता है बोझ है प्रतिभा
यह पेड़ न हँस सकता है
न रो सकता है
न खेल सकता है

इसे ढोनी ही होगी
मर्यादा,गंभीरता
शिष्टता,परम्परा
लोग कहते हैं
यह पेड़ ख़ुशनसीब है
और पेड़ कहता है
ख़ुदा भूले से भी
इस जैसा मुकद्‌दर किसी को न दे



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

गुलमोहर

गुलमोहर - (कवि - अरुण कुमार नागपाल)

मुझसे कहीं अधिक व्यथित है
यह गुलमोहर
तुम्हारे वियोग में
अपने अनुभव से
मैंने यह जाना है
कि अक्सर निशि के तमस में
सिसकते हुए
यह तलाशा करता है
तुम्हारी परछाइयाँ
जानता हूँ
तुम नहीं लौटोगी
लेकिन याद रखना
तुम्हारी वापसी तक
क्षोभ में सिर झुकाए
हवा के थपेड़े सहता
यूँ ही
अनवरत
झरता रहेगा
हमारा गुलमोहर



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

रेल

रेल - (कवि - अरुण कुमार नागपाल)

बीहड़ों को पार करती
हवा की तरह साँय-साँय करती
चीड़ के पेड़ों को चीरती
पुलों को लाँघती
सुरंगों में से गुज़रती
हमेशा मोबाइल
अपने ट्रैक पर दौड़ती हुई
लगातार
कभी थकती नहीं है रेल

कभी लगती है किसी शोश हसीना-सी
बिंदास
जो नहीं करती किसी का इंतज़ार
पर लालायित हैं सभी जिसके लिए

ऐसा लगता है
जैसे वादा करती है रेल
चलते-चलते
कल फिर मिलने का
इतनाकम क्यों रुकती है?
बात भी करती है तो चलते-चलते
सोच भी नहीं पाता मैं
कि क्या कहूँ
कि चल देती है रेल
बस मैं रह जाता हूँ हाथ हिलाता हुआ
बाय-बाय की मुद्रा में



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

सौंदर्यबोध

सौंदर्यबोध - (कवि - अरुण कुमार नागपाल)

लॉन में ख़ुश्बू बिखराते
सफ़ेद ,गुलाबी, पीले फूल
लगते हैं उसे
अपने बच्चों की तरह
पर उसी लॉन में
घास पर बैठे हुए
माली के बच्चे
चुभते हैं उसे शूल की तरह
कितना अजीब है
उसका सौंदर्यबोध.



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

विश्वास का रबाब(कविता)

विश्वास का रबाब(कविता) - (कवि - अरुण कुमार नागपाल)

सहज नहीं हूँ मैं
बहुत कुछ घट रहा है मेरे भीतर
बन रहा है बहुत कुछ
तो कुछ टूट भी रहा है

जैसे चल रही है कोई वर्कशॉप बराबर
क्या निर्माण औ' विघटन
दो समानांतर प्रक्रियाएँ हैं?
टूट रहा है जो, उसे बचाना है

आस्थाओं ,आशाओं, मानवीय मूल्यों, परंपराओं को
संभालना है, सहेजना है.
देना भी तो है कुछ आने वाली पीढ़ियों को
विश्वास का रबाब बजेगा
यह विश्वास है अटल
जैसे मेरी कविता है प्रतीक विश्वास का.



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org