हिन्दी साहित्य काव्य संकलन: गणेश पाण्डेय
गणेश पाण्डेय लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
गणेश पाण्डेय लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, 12 मार्च 2012

ज़मीनख़ोर

ज़मीनख़ोर - (कवि - गणेश पाण्डेय)

वे ज़मीनख़ोर थे
चाहते थे
औने-पौने दाम पर
कस्बे की मेरी पुश्तैनी ज़मीन
मेरा पुराना दुमंज़िला मकान
वे चाहते थे
मैं उच्छिन्न हो जाऊँ यहाँ से
अपने बीवी-बच्चों
पेड़-पौधों
फूल-पत्तियों
गाय-कुत्ते समेत
वे चाहते थे मैं छोड़ दूँ
धरती मइया की गोद
हटा दूँ अपने सिर से
उसका आँचल
वे चाहते थे बेच दूँ
ख़ुद को
रख दूँ
अपने मज़बूर हाथों से
उनकी आकाश जैसी असीम
लालची हथेली पर
अपनी जन्मभूमि
अपना ताजमहल
और
जीवन की पहली
अनमोल किलकारी का
सौदा कर लूँ
वे चाहते थे कर दूँ
उसे नंगा और नीलाम
भूल जाऊँ
अपने बचपन का
एक-एक डग
पहली बार
धरती पर
खड़ा होना
गिरते-पड़ते
पहला डग भरना
वे चाहते थे
बाबा बुद्ध की तरह
चुपचाप निकल जाऊँ
अपनी धरती छोड़कर
किसी को करूँ न ख़बर
वे तो चाहते थे
कि जाऊँ तो ऐसे
कि फिर लौट कर आने का
झंझट ही न रहे
वे मेरे मिलने-जुलने वाले थे
मेरे पड़ोसी थे
कुछ तो बेहद क़रीबी थे
और मेरे ही साथ
मेरी धरती के साथ
कर रहे थे राजनीति
खटक रहा था उन्हें
मेरा अपनी ज़मीन पर बने रहना
वे चाहते थे कि देश-विदेश
अनन्त आकाश में कहीं भी
चाहे उसी ज़मीन के नीचे
जल्द से जल्द चला जाऊँ
पाताल में।


सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

गुरु से बड़ा था गुरु का नाम

गुरु से बड़ा था गुरु का नाम - (कवि - गणेश पाण्डेय)

गुरु से बड़ा था गुरु का नाम
सोचा मैं भी रख लूँ गुरु से बड़ा नाम
कबीर तो बहुत छोटा रहेगा
कैसा रहेगा सूर्यकांत त्रिपाठी निराला
अच्छा हो कि गुरु से पूछूँ
गजानन माधव मुक्तिबोध के बारे में ।

पागल हो, कहते हुए हँसे गुरु
एक टुकड़ा मोदक थमाया
और बोले-
फिसड्डी हैं ये सारे नाम
तुम्हारा तो गणेश पाण्डेय ही ठीक है ।



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

गर्वीली बिंदी

गर्वीली बिंदी - (कवि - गणेश पाण्डेय)

ज़रा-सा
छू गई थी बस
वह कलफ़दार साड़ी गुलाबी
सुबह की गाड़ी के पहले डिब्बे में
किसी माता के मंदिर को जातीं
और उसी के गुन गातीं
कई रंग और कई उम्र
और कई चेहरों वाली
स्त्रियों के बीच ।

देर से
रह-रह कर हिल-डुल रहा था
एक कंगन और एक मुखड़ा
बीचोबीच ।

आउटर सिंगनल पार करते-करते
दिशाओं में जीवन रस घोलती हुई
एक लंबी सीटी के साथ
दिल के किसी कोने से निकला– हाय
कोई बेधक गान।

प्लेटफार्म पर उतरते-उतरते
लगा कि मुझे
खींच नहीं पा रही थी पीछे से
सोने की मोटी चेन ।

चश्मे के सुनहले फ्रेम से
पलक झपकते
बाहर हो गया था मैं ।

मुझे ढूँढ़ नहीं रही थीं
रेले में पता नहीं किसे ढूँढ़ती हुई
वे दो खोई-खोई आँखें।

बोलते-से होंठ बुला नहीं रहे थे मुझे
अपने पास।

फिर भी
एक इच्छा हुई कि देखूँ पीछे मुड़कर
और दौड़कर
चूम लूँ उसकी गर्वीली बिंदी
झुककर
पर यह तो कोई बात न हुई ।



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

कैसे निकलूँ सोती हुई यशोधरा को छोड़कर

कैसे निकलूँ सोती हुई यशोधरा को छोड़कर - (कवि - गणेश पाण्डेय)

कैसे निकलूँ इस घर से
सोती हुई यशोधरा को छोड़कर
कितनी गहरी है यशोधरा की नींद
एक स्त्री की तीस बरस लंबी नींद

नींद भी जैसे किसी नींद में हो
चलना-फिरना
हँसना-बोलना
सजना-सँवरना
और लड़ना-झगड़ना
सब जैसे नींद में हो
बस एक क्षण के लिए
टूटे तो सही यशोधरा की नींद

मैं यह नहीं चाहता कि मेरा निकलना
यशोधरा के लिए नींद में कोई स्वप्न हो
मैं निकलना चाहता हूं उसके जीवन से
एक घटना की तरह
मैं चाहता हूं कि मेरा निकलना
उस यशोधरा को पता चले
जिसके साथ एक ही बिस्तर पर
तीस बरस से सोता और जागता रहा
जिसके साथ एक ही घर में
कभी हँसता तो कभी रोता रहा

मैं उसे इस तरह
नींद में
अकेला छोड़कर नहीं जाना चाहता
मैं उसे जगाकर जाना चाहता हूँ
बताकर जाना चाहता हूँ
कि जा रहा हूँ

मैं नहीं चाहता कि कोई कहे
एक सोती हुई स्त्री को छोड़कर चला गया
मैं चाहता हूँ कि वह मुझे जाते हुए देखे
कि जा रहा हूँ
और न देख पाते हुए भी मुझे देखे
कि जा रहा हूँ ।



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

किसी का गुमशुदा समान हूँ

किसी का गुमशुदा समान हूँ - (कवि - गणेश पाण्डेय)

कहाँ हो तुम
न जाने कब से
खुला है यह द्वार तुम्हारे लिए
मिश्री की डली
एक गिलास शीतल जल
और एक कप गर्म चाय
खास तुम्हारे लिए

मेरी थाली का पहला कौर
मेरी आँखों की पहली नींद
और पहला स्वप्न तुम्हारे लिए
कोई तीस बरस से
सब जस का तस
तुम्हारे लिए

गुलमोहर के ये लाल फूल
खिलते हैं तुम्हारे लिए
मेरी खिड़की के सामने
झूमता है
अमलतास के पीले फूलों का
गुच्छा
खास तुम्हारे लिए

मेरे कमरे की छत पर
छाती है काली घटा
और बरसता है मेघ तुम्हारे लिए
निकलता है दिन
और होती है रात तुम्हारे लिए
उगता है चांद
और बहती है ठंडी-ठडी पुरवाई
तुम्हारे लिए

किसी की शादी हो
चाहे कोई संगीत संध्या
दिन और मौसम कोई भी
अपने में लीन स्त्रियों
और इत्र की ख़ुशबुओं के बीच
तुम्हें ढ़ूँढ़-ढूँढ कर
लौटता हूँ थक-हार कर
नित्य

बाहर का उजाला हो
चाहे भीतर का अँधेरा
जर्जर किवाड़ पर हर दस्तक
हर आहट पर दौड़ पड़ता हूँ
फ़ोन की हर घंटी पर भागता हूँ
तुम्हारे लिए

जैसे मैं बना ही हूँ तुम्हारे लिए
कहाँ हो तुम
अपने इस पुराने और बेमरम्मत
सामान को छोड़कर
इस उम्र में
और इस मोड़ पर
अब और क्या हो सकता है भला
इस टूटे-फूटे जीवन में
इसके सिवा कि मैं किसी का
एक गुमशुदा सामान हूँ ।



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

कालानमक

कालानमक - (कवि - गणेश पाण्डेय)

दादा के हैं ये खेत
दादा कहते थे
उनके दादा के हैं
जाने कितने परदादाओं के हैं
ये खेत
गाँव के सबसे अच्छे
जड़हनिया खेत
बरस जाए ज़रा-सा पानी
तो लग जाता है काम भर का
और
समय से मिल जाए पानी
तो झूम उठती हैं
छाती से भी ऊँची-ऊँची
काले धान की बालियाँ
जिसे देख फूल जाती है
दादा के नाती-पोतों की छातियाँ
स्वस्थ बालियों के भीतर
देख-देखकर
कालानमक चावल के
सफेद हँसमुख दाने
खिलखिला उठते हैं
उनके दाँत

दादा के परदादा कहते थे
शुद्धोदन काका के भात से
अधिक गमकता था
हमारे चूल्हे का भात
हमारा कालानमक चावल
काका के बेटे के
मशहूर होने से पहले
दूर-दूर तक जाना जाता था
जाना तो अब भी जाता है
लेकिन
उसकी ख़ुशबू को
किसी की नज़र लग गई है
उपज घट गई है
काले नमक की डली से
अधिक मोहक
और गुड़ से अधिक मीठे
दादाओं के दुलारे
कालानमक धान की ऐसी अनदेखी
कपिलवस्तु में
इससे पहले कभी न हुई थी
इसी के भात ने उपजाया था
सिद्धार्थ में वेदना का विवेक
इसी ने किया था
यशोधरा को मुग्ध
राहुल को इसी से मिला था
बल
इसी ने बनाया था मुझे कवि
मृत्युशैया पर लेटे
इस जीवनदाता को
प्रणाम ।



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

कहाँ जान पाते हैं सब लोग

कहाँ जान पाते हैं सब लोग - (कवि - गणेश पाण्डेय)

नाती-पोतों की दुनिया में मगन
दादियों और नानियों की
थुलथुल टोली की वह नायिका
इतनी वयस्त है कि भूल गई है
काफ़ी समय से बंद
खिड़कियों को खोलना
वक़्त की तमाम धूल को झाड़ना
किसी को याद रखना
भूल गई है नूरजहाँ का गाना

कहती है–
अब मेरे लिए
इतना वज़नी शरीर लेकर
न नाचना मुमकिन है न गाना

बीते दिनों में लौटना
पीछे की पगडंडी पर कदम रखना
और किसी पुरानी छत पर
चाँदनी रातों में तन्हा टहलना
अब मुमकिन नहीं

कह दो
अब कुछ नहीं मुमकिन
पता नहीं कहाँ रख दी है
वह क़िताब

कह दो
प्रेम मेरे लिए
पहली कक्षा का एक पाठ था
किस कमबख़्त को याद रहता है
इतना पुराना पाठ
कोई याद दिलाए भी तो हँसकर
टाल जाना बेहतर

आख़िर
कितना वक़्त लगता है
किसी पाठ के कुपाठ होने में
मैं जिसे प्रेम करती हूँ
राख में दबी हुई चिंगारी की तरह
बस प्रेम करती हूँ
उसे याद नहीं करती हूँ

प्रेम मेरे लिए
न मेरी दिनचर्या का हिस्सा है
न मेरे घर के कोने में
इस तरह की
किसी जानलेवा चीज़ के लिए
झाड़ू जितनी जगह है
घर की कारा में ऐसा कुछ रखना
कितना ख़तरनाक होता है
कहाँ जान पाते हैं
सब लोग ।



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

कहाँ जलाओगे मेरी देह

कहाँ जलाओगे मेरी देह - (कवि - गणेश पाण्डेय)

कहाँ जलाओगे मेरी देह
ओ जलाने वाले

शिव की नगरी के गंगातट पर
जहाँ कोई नहीं जानता है मुझे
काशी नरेश से लेकर
मामूली से मामूली आदमी तक

कि रामजी की जिस अयोध्या को
देखा नहीं अब तक
उसी के सरयू-तट पर
कि यहीं दो क़दम पर बहने वाली
अपनी राप्ती के तट पर
फूँक दोगे मुझे
कि लेकर चलोगे मुझे
मेरे पुरखों के जमुआर-तट पर

ओ जलाने वाले
कौन होगे तुम
मेरे बेटे
भाई के
कि रिश्ते के बेटे

ओ बेटे
तुम जिसके भी बेटे होना
मुझ ग़रीब के लिए
उठाना
थोड़ी सी जहमत
ले जाकर रखना मुझे उस घाट पर
जिससे नाता हो मेरी देह का

जैसे
देखोगे
आसपास
मुझे जलाने वाले
वहीं कहीं
बिखरी तमाम सदियों की राख में

सोने की कील-सी दमकती हुई
दिख जाएगी
मेरी आतुर माँ
न जाने कब से अपने आँचल में छिपाए हुए
जीवन-रस

ओ जलाने वाले
रखना माँ की गोद में ऐसे मेरी देह
जैसे मैं पहली बार उसकी गोद में
पहले पूछना उससे
फिर जलाना मुझे
धीरे से

यह भी ध्यान रहे जलाने वाले
पिता के पैरों के पास रहूँ
जिनसे सीखा है मैंने चिपक-चिपक कर
जीवन की सख़्त मिट्टी पर चलना

हो सके तो
कुछ देर के लिए ही सही
मेरी बाँहों के घेरे के भीतर रखना
जामुन के दरख़्तों की कतार के नीचे
कंचा खेलने और बीड़ी पीने वाले
एक से एक गप्पी और पतंगबाज़
और मुझसे भी कम कामयाब
नन्हे दोस्तों का संसार

जिस रास्ते से निकलना
मुझे लेकर
दोस्तों और दुश्मनों
और ख़ास तौर से
मददगारों के सामने झुककर
शुक्रिया अदा करने देना
भर आई किसी की आँख तो पोंछने देना
ज़रूर

देर नहीं करूँगा
किसी ग़रीब के लिए खुली हुई हथेलियों को
बस चूमता हुआ चल दूँगा
और अंत में लड़ना-झगड़ना क्या किसी से
फिर मिलेंगे — कहता हुआ चल दूँगा

ओ मुझे जलाने वाले
थोड़ी-सी मदद करना और
जो हो जाय मेरे साथ
सरोसामान
कुछ ज़्यादा

मेरी मामूली देह से लिपट-लिपट कर
कुछ ठंडी और बहुत कुछ
ज़माने भर की गर्म हवाएँ
मेरे पैरों के संग चलती हुई
रास्ते की थोड़ी-सी हरियाली
और बहुत सारी मुरझायी हुई पत्तियाँ
और पूजा और प्रेम के थोड़े से ताज़ा फूल
क्या गज़ब कि सब चलना चाहें
मेरे साथ

ओ मेरे बच्चे डरना मत
कह देना पृथ्वी के दारोगा से
क्या गुलमोहर और क्या अमलताश
और क्या मेरी चंपा
जो मेरी ज़िंदगी में
और मेरी यादों में शामिल हैं
सबके रंग
स्पर्श
और गंध
चुराकर ले जाऊँगा पृथ्वी से

देखना
ओ जलाने वाले
जल न जाए जलाते वक़्त
मेरा अनगिनत सामान
और तुम्हारी थोड़ी-सी चतुराई

तय कर लो पहले से
आग लगाओगे कैसे
शुरू से
खुली रखना अपनी आँखें
देखना झाँककर
मेरी बंद आँखों में
छिपे तो नहीं रह गए हैं किसी कोने में
नन्हे-नन्हे स्वप्न बेशुमार

होठों पर
चिपकी तो नहीं रह गई हैं
हज़ार मिट्ठियाँ[1]
बेचारे कान
तरस तो नहीं रहे हैं अब तक
किसी अच्छी ख़बर के लिए

देखना
सिर के एक-एक सफेद बालों को हटाकर
फँसी तो नहीं रह गई हैं
जीवन की चक्की में साथ-साथ पिसने वाली
निर्दोष प्रिया की बेचैन उँगलियाँ
कुछ कहने के लिए

देखना लड़के
मुझे साबुत चाहिए
मेरे ये सामान

ओ जलाने वाले
ये सब तो ठीक
पर बताओ — मरूँगा कहाँ
और तुम रहोगे कहाँ
जीवन की डोर टूटेगी किसके पास

राजस्थान में मरूँगा
कि मरूँगा उत्तर प्रदेश में
देश में मरूँगा कि मरूँगा विदेश में
अपनों के बीच एक छोटे से कमरे में
कि छत पर टहलते हुए नाती-पोतों के संग
कि गैरों के संसार में कहीं
धरती पर कि आसमान में
कि बदहवास भागती हुई ट्रेन में

इसे भी छोड़ो
जहाँ भी और जैसे मरना होगा मर लूँगा
पर ये तो बताओ — पहुँचोगे कैसे
जो रहना हुआ तुम्हें
सात समुंदर पार
और स्थगित हो गई उड़ान
कि कई हज़ार किलोमीटर दूर

छूट गई ट्रेन
तुम
पहुँच नहीं पाए तो करूँगा क्या
कितना करूँगा इंतज़ार
जो देह को फौरन हुई
आग की दरकार

आखिर लौंडे-लफड़ियों के चक्कर में
कब तक कराऊँगा
देह की साँसत

माफ करना
ओ जलाने वाले
जब ज़िंदगी में तुम सब में
कोई फ़र्क किया नहीं
विदा की बेला में
कैसा भेद

बेटियों से करूँगा विनती –
हे बड़ी
हे छोटी
दूर क्यों खड़ी हो
आओ मेरे पास
और लाओ मेरे पास
थोड़ी-सी आग

ये क्या
रोओ मत
घबड़ाओ मत
मैं हूँ बिल्कुल पास
डरो मत मेरी बहादुर लड़कियो

याद करो
कितनी बार
सिखाया है तुम्हें छत पर
खुले आसमान में
धुआँधार पटाखे और राकेट
और रंग-बिरंगी छुरछुरियाँ जलाना
कैसे जलाती थी नटखट
ख़ुश हो होकर
बचाते हुए अपनी नन्हीं-सी
छींटदार फ्रॉक

देखो तो
कैसे छुरछुरी बन गई है आज मेरी देह
तुम्हारे लिए

हे छुटकी देर न करो
आओ बेटा
जलाओ बेटा
अपनी नायाब छुरछुरी
चलो जल्दी करो
नहीं तो आ जाएगी बड़ी
क्या पता पहुँच रहा हो भइया ।



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

ओ केरल की उन्नत ग्रामबाला

ओ केरल की उन्नत ग्रामबाला - (कवि - गणेश पाण्डेय)

कहाँ फेंका था तुमने
अपना वह माउथ आर्गन
जिस पर फ़िदा थीं तुम्हारी सखियाँ
कहाँ गुम हुईं सखियाँ किस मेले-ठेले में
किसके संग

कैसे तहाकर रख दिया होगा तुमने
अपना प्यारा-प्यारा स्लेटी स्कर्ट
किस खूँटी पर फड़फड़ा रहा होगा
वह बेचारा लाल रिबन
सब छोड़-छाड़ कर

कैसे प्रवेश किया होगा तुमने
पहली बार
भारी-भरकम प्रभु की पोशाक के भीतर

यह क्या है तुममें
जो बज रहा है फिर भी मद्धिम-मद्धिम
कहाँ हैं तुम्हारी सखियाँ

कोई क्या करे अकेले
इस राग का

देखो तो आँखें वही हैं
जिनमें छिपा रह गया है फिर भी कुछ
जस के तस हैं काले तुम्हारे वही केश
होठों में गहरे उतर गया है नमक
कुछ भी तो नहीं छूटा है
वही हैं तुम्हारे प्रियातुर कान
किस मुँह से जाओगी प्रभु के पास

ओ केरल की उन्नत ग्रामबाला
कैसे करोगी तुम ईश का ध्यान
जब बजने लगेगा कहीं
मद्धिम-मद्धिम
माउथ आर्गन ।



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

ओ ईश्वर

ओ ईश्वर - (कवि - गणेश पाण्डेय)

ओ ! ईश्वर तुम कहीं हो
और कुछ करते-धरते हो
तो मुझे फिर
मनुष्य मत बनाना

मेरे बिना रुकता हो
दुनिया का सहज प्रवाह
ख़तरे में हो तुम्हारी नौकरी
चाहे गिरती हो सरकार

तो मुझे
हिन्दू मत बनाना
मुसलमान मत बनाना

तुम्हारी गर्दन पर हो
किसी की तलवार
किसी का त्रिशूल

तो बना लेना मुझे
मुसलमान
चाहे हिन्दू

देना हृष्ट-पुष्ट शरीर
त्रिपुंडधारी भव्य ललाट
दमकता हुआ चेहरा
और घुटनों को चूमती हुई
नूरानी दाढ़ी

बस एक कृपा करना
ओ ईश्वर !
मेरे सिर में
भूसा भर देना, लीद भर देना
मस्जिद भर देना, मंदिर भर देना
गंडे-ताबीज भर देना, कुछ भी भर देना
दिमाग मत भरना

मुझे कबीर मत बनाना
मुझे नजीर मत बनाना
मत बनाना मुझे

आधा हिन्दू
आधा मुसलमान ।



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

उस चाँद से कहना

उस चाँद से कहना - (कवि - गणेश पाण्डेय)

तुम्हारे उड़ने के लिए है
यह मन का खटोला
खास तुम्हारे लिए है यह
स्वप्निल नीला आकाश
विचरण के लिए
आकाश का
सुदूर चप्पा-चप्पा
सब तुम्हारे लिए है

तनिक-सी इच्छा हो तो
चाँद पर
बना लो घर
चाहो तो चाँद के संग
पड़ोस में मंगल पर बस जाओ
जितनी दूर चाहो
जाओ

बस
देखना प्रियतम
अपने कोमल पंख
अपनी साँस
और भीतर की जेब में
मुड़ातुड़ा
अपनी पृथ्वी का मानचित्र
सोते-जागते दिखता रहे
आगे का आकाश
और पीछे प्रेम की दुनिया
धरती पर
दिखती रहें
सभी चीज़ें और अपने लोग

उड़नखटोले से
होती रहे
आकाश के चांद की बात
पृथ्वी के सगे-संबंधियों
और अपने चाँद की
आती रहे याद

जाओ जो चाहो तो जाओ
जाओ आकाश के चाँद के पास
तो लेते जाओ उसके लिए
धरती का जीवन
और संगीत
मिलो आकाश के चाँद से
तो पहले देना
धरती के चाँद की ओर से
भेंट-अँकवार
फिर धरती की चंपा के फूल
धरती की रातरानी की सुगंध
धरती की चाँदनी का प्यार
धरती के सबसे अच्छे खेत
धरती के ताल-पोखर
धान
और गेहूँ के उन्नत बीज
थोड़ी-सी खाद
और एक जोड़ी बैल
देना

कहना कि कोई सखी है
धरती पर भी है एक चाँद है
जिसे
तुम्हारे लौटने का इंतज़ार है
कहना कि छोटा नहीं है
उसका दिल
स्वीकार है उसे
एक और चाँद
चाहे तो चली आए
तुम्हारे संग
उड़नखटोले में बैठकर
मंगलगीत गाती हुई
धरती के आँगन में
स्वागत है ।



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

उठो यशोधरा ! तुम्हारा प्यार सो रहा है

उठो यशोधरा ! तुम्हारा प्यार सो रहा है - (कवि - गणेश पाण्डेय)

कैसे जगाऊँगा उसे
जिसे जागना नहीं आता
प्यार से छूकर कहूँगा उठने के लिए
कि चूमकर कहूँगा हौले से

जागो यशोधरा !
देखो कबसे जाग रही है धरा
कबसे चल रही है सखी हवा
एक-एक पत्ती
एक-एक फूल
एक-एक वृक्ष
एक-एक पर्वत
एक-एक सोते को जगा रही है
एक-एक कण को ताजा करती हुई
सुबह का गीत गा रही है

उठो यशोधरा !
तुम्हारा राहुल सो रहा है
तुम्हारा घर सो रहा है
तुम्हारा संसार सो रहा है
तुम्हारा प्यार सो रहा है

कैसे जगाऊँ तुम्हें
तुम्हीं बताओ यशोधरा !
किस गुरु के पास जाऊँ
किस स्त्री से पूछूँ
युगों से
सोती हुई एक स्त्री को जगाने का मंत्र

किससे कहूँ कि देखो
इस यशोधरा को
जो एक मामूली आदमी की बेटी है
और मुझ जैसे
निहायत मामूली आदमी की पत्नी है
फिर भी सो रही है किस तरह
राजसी ठाट से

क्या करूँ
इस यशोधरा का
जिसे
मेरे जैसा एक साधारण आदमी
बहुत चाह कर भी
जगा नहीं पा रहा है
और
कोई दूसरा बुद्ध ला नहीं पा रहा है ।



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

इतनी अच्छी क्यों हो चंदा

इतनी अच्छी क्यों हो चंदा - (कवि - गणेश पाण्डेय)

तुम अच्छी हो
तुम्हारी रोटी अच्छी है
तुम्हारा अचार अच्छा है
तुम्हारा प्यार अच्छा है
तुम्हारी बोली-बानी
तुम्हारा घर-संसार अच्छा है

तुम्हारी गाय अच्छी है
उसका थन अच्छा है
तुम्हारा सुग्गा अच्छा है
तुम्हारा मिट्ठू अच्छा है
ओसारे में
लालटेन जलाकर
विज्ञान पढ़ता है
यह देखकर
तुम्हें कितना अच्छा लगता है

तुम
गुड़ की चाय
अच्छा बनाती हो
बखीर और गुलगुला
सब अच्छा बनाती हो
कंडा अच्छा पाथती हो
कंडे की आग में
लिट्टी अच्छा लगाती हो

तुम्हारा हाथ अच्छा है
तुम्हारा साथ अच्छा है
कहती हैं सखियाँ
तुम्हारा आचार-विचार
तुम्हारी हर बात अच्छी है
यह बात कितनी अच्छी है

तुम अपने पति का
आदर करती हो
लेकिन यह बात
बिल्कुल नहीं अच्छी है
कि तुम्हारा पति
तुमसे
प्रेम नहीं करता है
तुम हो कि बस अच्छी हो

इतनी अच्छी क्यों हो चंदा
चुप क्यों रहती हो
क्यों नहीं कहती अपने पति से
तुम उसे
बहुत प्रेम करती हो ।



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

आत्मा का एकांत आलाप

आत्मा का एकांत आलाप - (कवि - गणेश पाण्डेय)

अजीब आदमी है
ढलान से उतरते हुए
मुड़-मुड़ कर
आकाश में चाँद को
देखता है

इतने बड़े आकाश में
चाँद को अकेला देखता है
देखता है कैसे
कहीं गिर न जाए बेचारा
खड्ड में

उसे अकेला चांद
बिल्कुल अपने जैसा लगता है

कितना अच्छा लगता है
अपनी तरफ एकटक देखते हुए
चाँद के कान के पास मुँह ले जाकर
कहता है–

कितनी अजीब बात है
मैं भी भटक रहा हूं कोई तीस बरस से
अपने आकाश में अकेला
और जिसे प्रेम करता हूँ
कुछ नहीं कहता हूँ उससे अब
यह भी कि मैं तुम्हें प्रेम करता हूँ

जिससे प्रेम नहीं करता हूँ
उससे भी नहीं कहता
कि मैं तुम्हें प्रेम नहीं करता हूँ

मेरे लिए प्रेम
बिल्कुल निजी घटना है
आत्मा का एकांत आलाप
अभिव्यक्ति के सारे दरवाज़े बंद हैं जहाँ
बस एक अद्वितीय अनुभव है
प्रौढ़ता का एक शालीन विस्फोट
जिसने मेरे प्रेम को
त्वचा की अभेद्य सतह को भेदकर
भीतर कहीं गहराई में पहुँचा दिया है

शायद मेरे लिए प्रेम
एकांत में किसी फूल से मिलना है
अपनी ही हथेली को
बार-बार चूमना है
किसी पुलिया पर बैठ कर
आहिस्ता-आहिस्ता
डूबते हुए सूरज को देखना है
उम्र की ढलान पर

पुराने प्रेमियों के लिए शायद
स्मृति का महोत्सव है प्रेम
जीवन का अंतिम राग है
जीवन की चुनरी का
मद्धिम रंग है

रेलगाड़ी के किसी पुराने डिब्बे में
किसी छोटे-से स्टेशन पर
किसी शहर में
किसी ग़रीब के लोटे की तरह
कि उसके बदनसीब दिल की तरह
छूट गया
अनोखा वाद्य है ।



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org