हिन्दी साहित्य काव्य संकलन: गगन गिल
गगन गिल लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
गगन गिल लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, 12 मार्च 2012

बच्चे तुम अपने घर जाओ

बच्चे तुम अपने घर जाओ - (कवि - गगन गिल)

बच्चे तुम अपने घर जाओ
घर कहीं नहीं है
तो वापस कोख में जाओ,
माँ कहीं नहीं है
पिता के वीर्य में जाओ,
पिता कहीं नहीं है
तो माँ के गर्भ में जाओ,
गर्भ का अण्डा बंजर
तो मुन्ना झर जाओ तुम
उसकी माहावारी में
जाती है जैसे उसकी
इच्छा संडास के नीचे
वैसे तुम भी जाओ
लड़की को मुक्त करो अब
बच्चे तुम अपने घर जाओ


सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

निचुड़ा-निचुड़ा

निचुड़ा-निचुड़ा - (कवि - गगन गिल)

निचुड़ा- निचुड़ा
दिल था
री माँ!

मैला- मैला
डर था
री माँ!

माथा टकता
काग था
री माँ

नीला हो गया
साँस था
री माँ!

सूँघा सोती को 
नाग ने 
री माँ! 

 

ले गया 
वो मेरा श्वास था 
री माँ 

 

अटक गया 
मेरा प्राण था 
री माँ! 

जलता- जलता
जहर था
री माँ!

ऐंठ मुड़ी
मेरी आँत थी
री माँ!

जड़ उखड़ गया
मेरा मन था
री माँ!

कुचला गया
जो एक साँप था
री माँ!



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

न मैं हँसी, न मैं रोयी

न मैं हँसी, न मैं रोयी - (कवि - गगन गिल)

न मैं हँसी, न मैं रोई
बीच चौराहे जा खड़ी होई

न मैं रूठी, न मैं मानी
अपनी चुप से बांधी फाँसी

ये धागा कैसा मैंने काता
न इसने बांधा न इसने उड़ाया

ये सुई कैसी मैंने चुभोई
न इसने सिली न उधेड़ी

ये करवट कैसी मैंने ली
साँस रुकी अब रुकी

ये मैंने कैसी सीवन छेड़ी
आँतें खुल-खुल बाहर आईं

जब न लिखा गया न बूझा
टंगड़ी दे खुद को क्यों दबोचा

ये दुख कैसा मैने पाला
इसमें अंधेरा न उजाला



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

जल गगन मगन

जल गगन मगन - (कवि - गगन गिल)

जल गगन मगन

दुख नगन नगन

आँख जलन जलन

नींद चलन चलन
तारे भगन भगन

सपने अगन अगन

विष जलन जलन

पीर चलन चलन
पांव थकन थकन

प्यास जगन बुझन

हिचकी भरन भरन

माया हिरन हिरन



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

एक दिन सब

एक दिन सब - (कवि - गगन गिल)

सब जान लेगी वह

तुम्हारे बारे में

अपने तप से एक दिन

 

सुन लेगी सब बातें

तुम्हारे चीवर और

देह के बीच

 

पता चल जाएगा उसे

तुरंत

किस देश की

कौन सड़क पर

चलते हुए

अभी-अभी कांपा था

तुम्हारा पांव

 

कितने बजे थे घड़ी में उस दिन

जब चला था एक

बुलबुला कहीं से

और फूट गया था

आकर

तुम्हारे हृदय में

 

कितने अंश का कोण

बन रहा था

जमीन पर

तुम्हारे हाथ की छाया का

जब आईने के सामने खड़े

धकेला था पीछे

तुमने पीड़ा की लहर को

 

उससे कुछ भी नहीं छिपेगा

हालांकि

वह कहीं नहीं होगी

 

सब मालूम होगा उसे

नींद आने के कितने क्षण बाद

तुम डूब जाते हो

फिर आते हो सतह पर

मांगते बुद्ध से शरण

नीम-बेहोशी में

 

कोई उसे

बताएगा नहीं

पूछने नहीं जाएगी

वह किसी से

 

उसकी जान का आतिशी कांच

जल रहा है जो

धू-धू

इतने दिनों से

 

साफ़ दीखता होगा

उसमें

सब ।



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

एक उम्र के बाद माँएँ

एक उम्र के बाद माँएँ - (कवि - गगन गिल)

एक उम्र के बाद माँएँ
खुला छोड़ देती हैं लड़कियों को
उदास होने के लिए…

माँएँ सोचती हैं
इस तरह करने से
लड़कियाँ उदास नहीं रहेंगी,
कम-से-कम उन बातो के लिए तो नहीं
जिनके लिए रही थीं वे
या उनकी माँ
या उनकी माँ की माँ

मसलन माँएँ ले जाती हैं उन्हें
अपनी छाया में छुपाकर
उनके मनचाहे आदमी के पास,

मसलन माँएँ पूछ लेती हैं कभी-कभार
उन स्याह कोनों की बाबत
जिनसे डर लगता है
हर उम्र की लड़कियों को,
लेकिन अंदेशा हो अगर
कि कुरेदने-भर से बढ़ जाएगा बेटियों का वहम
छोड़ भी देती हैं वे उन्हें अकेला
अपने हाल पर !

अक्सर उन्हें हिम्म्त देतीं
कहती हैं माँएँ,
बीत जाएँगे, जैसे भी होंगे
स्याह काले दिन
हम हैं न तुम्हारे साथ !

कहती हैं माएँ
और बुदबुदाती हैं ख़ुद से
कैसे बीतेंगे ये दिन, हे ईश्वर!

बुदबुदाती हैं माँएँ
और डरती हैं
सुन न लें कहीं लड़कियाँ
उदास न हो जाएँ कहीं लड़कियाँ

माँएँ खुला छोड़ देती हैं उन्हें
एक उम्र के बाद…
और लड़कियाँ
डरती-झिझकती आ खड़ी होती हैं
अपने फ़ैसलों के रू-ब-रू

अपने फ़ैसलों के रू-ब-रू लड़कियाँ
भरती हैं संशय से
डरती हैं सुख से

पूछती हैं अपने फ़ैसलों से,
तुम्हीं सुख हो
और घबराकर उतर आती हैं
सुख की सीढियाँ
बदहवास भागती हैं लड़कियाँ
बड़ी मुश्किल लगती है उन्हें
सुख की ज़िंदगी

बदहवास ढूँढ़ती हैं माँ को
ख़ुशी के अँधेरे में
जो कहीं नहीं है

बदहवास पकड़ना चाहती हैं वे माँ को
जो नहीं रहेगी उनके साथ
सुख के किसी भी क्षण में !

माँएँ क्या जानती थीं?
जहाँ छोड़ा था उन्होंने
उन्हें बचाने को,
वहीं हो जाएँगी उदास लड़कियाँ
एकाएक
अचानक
बिल्कुल नए सिरे से…

लाँघ जाती हैं वह उम्र भी
उदास होकर लड़कियाँ
जहाँ खुला छोड़ देती थीं माँएँ.
उदास होने के लिए



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org