हिन्दी साहित्य काव्य संकलन: गिरीराज किराडू
गिरीराज किराडू लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
गिरीराज किराडू लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

मंगलवार, 13 मार्च 2012

मातृभाषा-मृतभाषा

मातृभाषा-मृतभाषा - (कवि - गिरीराज किराडू)

राजस्थानी कवि और मित्र नीरज दइया के लिए
वह कुछ इतने सरल मन से, लेकिन थोड़ा शर्मसार खुद पर हंसते हुए यह बात
बोल गया कि यकीन नहीं हुआ यह सचमुच प्रेम में होने वाली भूल जैसी कोई बात है
उसे कविता उसके जीसा सौंप गये थे या शायद कविता को उसे जीसा जिन्होंने
कभी कोटगेट पर कोई कविता नहीं लिखी पर आपनी एक कविता में जीसा का
श्राद्ध करते हुए उसने एक पत्तल कोटगेट के लिए भी निकाली थी और मुझे तो
उसे देखते ही उसके उन्हीं जीसा की भावना होती थी कभी देखा नहीं जिन्हें मैंने
हाँ सिर्फ प्रेम में ही ऐसा हो सकता है मैंने देखा मेरे सामने चार भाषाओं के नाम
लिखे हैं और उनमें एक मेरी भाषा भी है हाँ यह प्रेम ही था मृत को मातृ पढ़ा मैंने
और चाहे कोई गवाह नहीं था किसी ने नहीं देखा पर अपनी भाषा को मृत कहा
मैंने यकीन मानो यह सिर्फ़ प्रेम के कारण हुआ वह भाषा जो जीसा सौंप गये थे मुझे
उसे मृत लिखा मैंने
यह उसके कहे हुए का अनुवाद है
मैं कविता 'उसकी' मातृभाषा में नहीं लिखता
यह जानता है वो
अनुवाद में जीसा को जीसा ही लिखना कहा उसने


सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

इसी तरह होगा

इसी तरह होगा - (कवि - गिरीराज किराडू)

इसी तरह होगा से शुरू या खत्म होने वाले
दस वाक्य हम इतने हुनर से लिख सकते थे कि हमने तय पाया
हमारे साथ कुछ नहीं या सब कुछ इसी तरह होगा
हमने अक्सर एक दूसरे पर हर शै पत्थर की तरह
फेंकी थी और ऊपर आकाश में जो कोई बैठे रहते थे
उनको हवा में लटका देख कर हम हर शै फूल की तरह
उनकी तस्वीर के चौखटे के कदमों में रख देते थे
मृतकों का ऐसा आदर हमारे खून में था
इसी तरह होगा से शुरू या खत्म होने वाले हमार वाक्य
हमें इतने मन से याद थे कि उन्हें भविष्यदृष्टाओं की तरह
दोहरा कर खुद पर खूब प्रसन्न होते रहेत थे
एक दूसरे के पैरों की आदत करवाने के लिए हम एक दूसरे को जूते चुराने देते थे
और यह देखकर हमारे जूते हमें ऐसे देखते थे मानो पूछ रहे हों
आखिर कब तक होता रहेगा यही सब
जूतों का ऐसा निरादर हमारे खून में था



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

क्षमा

क्षमा - (कवि - गिरीराज किराडू)

कौन क्षमा करेगा मुझे
जब क्षमा मांगना ही पराभव या पस्ती हो गया हो
मैं यह लिख रहा हूँ और आसमान मज़ाक उड़ा रहा है मेरा
देखो लिख रहा है मूर्ख बस क्षमा मिल जाए
सबसे अग्नि कहने से मुँह नहीं जलता
क्षमा लिखने से क्षमा नहीं मिलती मूर्ख



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

आह संगीत

आह संगीत - (कवि - गिरीराज किराडू)

बहुत धीमे से और सबको साफ़ नज़र आ रही घबराहट
के साथ उसने पढ़ना शुरू किया एक ट्रेन के
गुज़रने के बारे में खिड़की के सामने से एक लड़की के
देखने के बारे में उस खिड़की से एक ग्रे टी शर्ट के
उस लड़की को पहन लेने के बारे में एक पुरुष के
उस ग्रे टी शर्ट को एक दूसरे शहर में खरीदने के बारे में उस पुरुष के
हाथों से हुए चाकू के एक वार के बारे में उस चाकू के
एक तीसरे शहर में कई बार चलने के बारे में उस तीसरे शहर में
अपने होने के बारे में उस अपने होने की
निशानदेही के तौर पर हमारे होने के बारे में

हमारी तरफ और बढ़ी हुई घबराहट से देखते
हुए उसने पानी पिया और फिर से पढ़ना शुरू किया मैं तुम्हें
प्रेम कर सकता यदि मैं कोई और होता मुझे बहुत सारे
फेरबदल तब करने होते ट्रेन गुज़रने की बात गलत थी खिड़की में
तुम्हारे खड़े होने की बात की तरह चाकू
दूसरे तीसरे नहीं इसी शहर में चला था
मेरे हाथों से उस पूरे नज़ारे को बहुत धीमे से होता हुआ
देखा था मैंने तेज संगीत की तरह काटता हुआ
चाकू आह संगीत हरकहीं हरवक्त बजता हुआ बेमतलब उसे बयान
में होना होता बहुत सारे फेरबदल तब होने होते
तुम्हारे लिए कोई टी शर्ट खुद ही खरीदना होती तब शायद ग्रे ही..



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

एकान्त

एकान्त - (कवि - गिरीराज किराडू)

चाचा ने जब गोदो किया
दुखी रहे थे बहुत दिनों तक कोर्ट मार्शल करते हुए
बहुत उद्विग्न जब किया एवम् इन्द्रजित
तो अपना नाम इन्द्रजित मोहन रख लिया और शायद तीन एकांत करते हुए ही
उन्हें अपना तखल्लुस एकांत मिला था मदन मोहन किराड़ू की जगह
इस तरह वे इन्द्रजित मोहन "एकांत" हो गए थे–
जब उन्होंने छोड़ा
थियेटर बोले जब तक यह समाज तखल्लुसों की मज़ाक उड़ाना नहीं छोड़ेगा
इसे थियेटर क्या कोई भी बदल नहीं पायेगा



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

मादाम बोवारी से क्षमा

मादाम बोवारी से क्षमा - (कवि - गिरीराज किराडू)

वह मादाम बोवारी का अभिनय कर रही है
बिल्कुल अंतिम दृश्य है विष उसके शरीर में फैल रहा है वह क्षमा मांगती है
यह देखते हुए मैं उसके पति की भूमिका में हूँ
मैं भी उससे क्षमा मांगता हूँ –

क्षमा करो प्रिये, मैं इस कथा से अभी विदा नहीं ले सकता
तुम्हारा अंतिम संस्कार मेरा अंतिम संस्कार नहीं है
मैं तुम्हारा समाधिलेख नहीं हूँ
मैं जीवन का आज्ञाकारी पालतू हूँ
मुझे तुम्हारी याद की ही नहीं कब्र की भी देखभाल करनी है

क्षमा करो, प्रिये, क्षमा



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

कहानी के फेर में

कहानी के फेर में - (कवि - गिरीराज किराडू)

हिरामन तीन कसमें खाता है
फिर किसी कहानी का सुपात्र नहीं बनूंगा
फिर किसी कहानीकार को अपने बारे में नहीं लिखने दूंगा
फिर किसी कहानी में अपना ही पार्ट नहीं करुंगा –

रेणु थोड़ा उदास हो कर उसे देखते हैं फिर तनिक हँसकर कहते हैं
जा रे ज़माना, तू भी आ गया मेरी कहानी के फेर में!



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

दो अर्थ का भय

दो अर्थ का भय - (कवि - गिरीराज किराडू)

अपमान बेहद था होने का रक्त के दरिया में दौड़ते घुड़सवार थे किसी और से नहीं
अपने आप से थी शर्मिंदगी हर साँस में हर शब्द का एक अर्थ दुख दूसरा मज़ाक था – जीवन में
कल्पना में पर नहीं था इनमें से कुछ भी
यही मेरा गुनाह कल्पना में सुखी था मैं



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org