हिन्दी साहित्य काव्य संकलन: कविता वाचक्नवी
कविता वाचक्नवी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
कविता वाचक्नवी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शुक्रवार, 24 फ़रवरी 2012

रूमालों पर

रूमालों पर - (कवि - कविता वाचक्नवी)

हम रूमालों पर
कढ़े हैं
प्रीत के अक्षर
कब तहा कर
रख चलो
किस जेब में तुम
कौन
जाने ?


सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

रिश्ते-2

रिश्ते-2 - (कवि - कविता वाचक्नवी)

रंगी परातों से चिह्नित कर

चलते पायल-से रिश्ते

हँसी -ठिठोली की अनुगूँजें

भरते, कलकल-से रिश्ते
पसली के अंतिम कोने तक

कभी कहकहे भर देते

दिन-रातों की आँख-मिचौनी

हैं ये चंचल-से रिश्ते
उमस घुटन की वेला आती

धरती जब अकुलाती है

घन-अंजन आँखों से चुपचुप

बरसें बादल -से रिश्ते
पलकों में भर देने वाली

उंगली पर रह जाते हैं

बैठ अलक काली नजरों का

जल हैं, काजल -से रिश्ते
कभी तोड़ देते अपनापन

कभी लिपट कर रोते हैं

कभी पकड़ से दूर सरकते

जाते, पागल -से रिश्ते



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

रिश्ते-1

रिश्ते-1 - (कवि - कविता वाचक्नवी)

रूठें कैसे नहीं बचे अब

मान मनोव्वल के रिश्ते

अलगे-से चुपचाप चल रहे

ये पल दो पल के रिश्ते
कभी गाँठ से बंध जाते हैं

कभी गाँठ बन जाते हैं

कब छाया कब चीरहरण, हो

जाते आँचल के रिश्ते
आते हैं सूरज बन, सूने

में चह-चह भर जाते हैं

आँज अँधेरा भरते आँखें

छल-छल ये छल के रिश्ते
कच्चे धागों के बंधन तो

जनम-जनम पक्के निकले

बड़ी रीतियाँ जुगत रचाईं

टूटे साँकल के रिश्ते

 

एक सफेदी की चादर ने

सारे रंगों को निगला

आज अमंगल और अपशकुन

कल के मंगल के रिश्ते



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

राख

राख - (कवि - कविता वाचक्नवी)

राख

 

राख

काली है

जलावन से बची है

बुझ चुकी है,

किन्तु चिंगारी बचाकर

रख सकेगी

ढाँप ले तो ।



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

रक्त नीला

रक्त नीला - (कवि - कविता वाचक्नवी)

उंगलियों ने अभी-अभी ही तो

बुनी थी

घास की एक अंगूठी

उंगली के आस-पास

कि दिन

हवा की हथेली पर

धूप रख गया

भीड़ अपने रास्ते नापती

अंधेरे की पगडंडियाँ बनाती

चली जाती है ,

मिट्टी के ऊपर आई

पेड़ की जड़ों की नसें

बहुत बूढ़ी हो गई लगती हैं ,

पहाड़ तक

खाली हैं पठार

पंखों को पीठ के पीछे मिलाती

सर्राती चिड़िया

नदी किनारे लुढ़की गागर पर बैठ

गाती है बार-बार

एक कोई गीत

आकाश दोहराता है उसे

और पोर

समझ जाते हैं

कलम का तो

रक्त तक

नीला होता है ।



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

मैंने दीवारों से पूछा

मैंने दीवारों से पूछा - (कवि - कविता वाचक्नवी)

चिह्नों भरी दीवारों से पूछा मैंने

किसने तुम्हें छुआ कब-कब

बतलाओ तो

वे बदरंग, छिली-खुरचीं-सी

केवल इतना कह पाईं

हम तो

पूरी पत्थर-भर हैं

जड़ से

जन से

छिजी हुईं

कौन, कहाँ, कब, कैसे

दे जाता है

अपने दाग हमें

त्यौहारों पर कभी

दिखावों की घड़ियों पर कभी-कभी

पोत-पात, ढक-ढाँप-ढूँप झट

खूब उल्लसित होता है

ऐसे जड़-पत्थर ढाँचों से

आप सुरक्षा लेता है

और ठुँकी कीलों पर टाँगे

कैलेंडर की तारीख़ें

बदली-बदली देख समझता

इन पर इतने दिन बदले।



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

मुजरा

मुजरा - (कवि - कविता वाचक्नवी)

इन पतंगों ने

बहुत मुजरा किया

दरबार जिसके

वह, अंधेरा खोल

आँचल भर

कहे

अब लौट जाओ।



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

भूकंप

भूकंप - (कवि - कविता वाचक्नवी)

मेरे हृदय की कोमलता को

अपने क्रूर हाथों से

बेध कर

ऊँची अट्टालिकाओं का निर्माण किया

उखाड़ कर प्राणवाही पेड़-पौधे

बो दिए धुआँ उगलते कल-कारखाने

उत्पादन के सामान सजाए

मेरे पोर-पोर को बींध कर

स्तंभ गाड़े

विद्युतवाही तारों के

जलवाही धारों को बाँध दिया।

तुम्हारी कुदालों, खुरपियों, फावड़ों,

मशीनों, आरियों, बुलडोजरों से

कँपती थरथराती रही मैं ।
तुम्हारे घरों की नींव

मेरी बाहों पर थी

अपने घर के मान में

सरो-सामान में

भूल गए तुम ।
मैं थोड़ा हिली

तो लो

भरभरा कर गिर गए

तुम्हारे घर ।

फटा तो हृदय

मेरा ही ।



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

परिताप

परिताप - (कवि - कविता वाचक्नवी)

ढूंढता है ठौर

यह दोने धरा

दीपक कँपीला ,

ठेलते दोनों किनारे के

थपेड़े।

(ठिठक कर)

छल-छद्म-तर्पण के बहाने

ला बहाना धार में

अच्छा चलन है ।

क्या करे ?

जाए कहाँ ?

बस डूबना तय है… सुनिश्चित ।
इस किनारे पर

खड़ी है भीड़ सब ,

जो उसे ढरका, सिरा, लहरों-लहर

लौट जाती है

उन्हीं रंगीनियों में,

उस किनारे पर

मचलती आंधियाँ, तूफान, बरखा

के बवण्डर,

बीच का विस्तार

नदिया का

भँवर का

लीलने को, निगलने को

आज बाँहें खोल पसरा।
जल, तनिक तू और जल

दीपक ! न डर जल से,

सोख लेगा

यह भयंकर जल

तुम्हारी

जलन के परिताप सारे,

लील लेगा

और जलने की समूची

वेदना में

जल भरेगा ।
जल मिटो

जल में मिटो

बस मिट चलो

दीपक हमारे !

मेट कर माटी करो

त्रय-ताप सारे ।



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

जल

जल - (कवि - कविता वाचक्नवी)

जल, जल है

पर जल का नाम

बदल जाता है।

हिम नग से

झरने

झरनों से नदियाँ

नदियों से सागर

तक चल कर

कितना भी आकाश उड़े

गिरे

बहे

सूखे

पर भेस बदल कर

रूप बदल कर

नाम बदल कर

पानी, पानी ही रहता है।
श्रम का सीकर

दु:ख का आँसू

हँसती आँखों में सपने-जल ,

कितने जाल डाल मछुआरे

पानी से जीवन छीनेंगे ?

कितने सूरज लू बरसा कर

नदियों के तन-मन सोखेंगे ?

उन्हें स्वयम् ही

पिघले हिम के

जल-प्लावन में घिरना होगा

फिर-फिर जल के
घाट-घाट पर

ठाठ-बाट तज

तिरना होगा,

महाप्रलय में

एक नाम ही शेष रहेगा

जल

जल

जल ही जल ।



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

जंगल

जंगल - (कवि - कविता वाचक्नवी)

चीख़ को वनवास ही

केवल नहीं

वनचरों से

युद्ध भी तो

शेष हैं।



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

छाप

छाप - (कवि - कविता वाचक्नवी)

जो दबे पाँवों

चले आए

उन्हीं के

चरणतल की छाप

छूटी है

हमारी क्यारियों में

हर कली पर ।



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

घर : दस भावचित्र

घर : दस भावचित्र - (कवि - कविता वाचक्नवी)

1

ये बया के घोंसले हैं,
नीड़ हैं, घर हैं- हमारे
जगमगाते भर दिखें
सो
टोहती हैं
केंचुओं की मिट्टियाँ
हम।

2

आज
मेरी बाँह में
घर आ गया है
किलक कर,
रह रहे
फ़ुटपाथ पर ही
एक नीली छत तले।

3

चिटखती
उन
लकड़ियों की गंध की
रोटी मिले,
दूर से
घर लौटने को
हुलसता है
मन बहुत।

4

सपना था
काँच का
टूट गया झन्नाकर
घर,
किरचें हैं आँखों में
औ'
नींद नहीं आती।

5

जब
विवशता
हो गए संबंध
तो फिर घर कहाँ,
साँस पर
लगने लगे प्रतिबंध
तो फिर घर कहाँ?

6

अंतर्मन की
झील किनारे
घर रोपा था,
आँखों में
अवशेष लिए
फिरतीं लहरें।

7

लहर-लहर पर
डोल रहा
पर
खेल रहा है
अपना घर,
बादल!
मत गरजो बरसो
चट्टानों से
लगता है डर।

8

घर
रचाया था
हथेली पर
किसी ने
उंगलियों से,
आँसुओं से धुल
मेहंदियाँ
धूप में
फीकी हुईं।

9

नीड़ वह
मन-मन रमा जो
नोंच कर
छितरा दिया
तुमने स्वयं
विवश हूँ
उड़ जाऊँ बस
प्रिय!
रास्ता दूजा नहीं।

10

साँसों की
आवाजाही में
महक-सा
अपना घर
वार दिया मैंने
तुम्हारी
प्राणवाही
उड़ानों पर।



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

कंधों पर सूरज

कंधों पर सूरज - (कवि - कविता वाचक्नवी)

प्रश्न गाँव औ’ शहरों के तो
हम पीछे सुलझा ही लेंगे
तुम पहले कंधों पर सूरज
लादे होने का भ्रम छोड़ो ।

चिकने पत्थर की पगडंडी
नदी किनारे जो जाती है
ढालदार है
पेड़, लताओं, गुल्मों के झुरमुट ने उसको
ढाँप रखा है
काई हरी-हरी लिपटी है
कैसे अब महकेंगे रस्ते
कैसे नदी किनारे रुनझुन
किसी भोर की शुभ वेला में
जा पाएगी
कैसे सूनी राह
साँस औ’ आँख मूँद
पलकें मीचे भी
चलता
प्रथम किरण से पहले-पहले
प्रतिक्षण
मंत्र उचारे कोई ?
कैसे कूद-फाँदते बच्चे
धड़-धड़ धड़- धड़ कर उतरेंगे
गाएँगे ऋतुओँ की गीता ?
कैसे हवा उठेगी ऊपर
तपने पर भी ?
कैसे कोई बारिश में भीगेगा हँस कर ?

छत पर आग उगाने वाले
दीवारों के सन्नाटों में
क्या घटता है -
हम पीछे सोचें-सलटेंगे
तुम पहले कंधों पर सूरज
लादे होने का भ्रम छोड़ो ।
–~~~~



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

औरतों के नाम

औरतों के नाम - (कवि - कविता वाचक्नवी)

कभी पूरी नींद तक भी
न सोने वाली औरतो !
मेरे पास आओ,
दर्पण है मेरे पास
जो दिखाता है
कि अक्सर फिर भी
औरतों की आँखें
खूबसूरत होती क्यों हैं,
चीखों-चिल्लाहटों भरे
बंद मुँह भी
कैसे मुस्कुरा लेते हैं इतना,

और, आप !
जरा गौर से देखिए
सुराहीदार गर्दन के
पारदर्शी चमड़े
के नीचे
लाल से नीले
और नीले से हरे
उँगलियों के निशान
चुन्नियों में लिपटे
बुर्कों से ढँके
आँचलों में सिमटे
नंगई सँवारते हैं।

टूटे पुलों के छोरों पर
तूफान पार करने की
उम्मीद लगाई औरतो !
जमीन धसक रही है
पहाड़ दरक गए हैं
बह गई हैं – चौकियाँ
शाखें लगातार काँपती गिर रही हैं
जंगल
दल-दल बन गए हैं
पानी लगातार तुम्हारे डूबने की
साजिशों में लगा है,

अंधेरे ने छीन ली है भले
आँखों की देख

पर मेरे पास
अभी भी बचा है
एक दर्पण
चमकीला।



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

अश्रु

अश्रु - (कवि - कविता वाचक्नवी)

इस चेहरे के अक्षर

गीले हैं, सूरज!

कितना सोखो

सूखे,

और चमकते हैं।



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

अभ्यास

अभ्यास - (कवि - कविता वाचक्नवी)

भोर का

चिड़ियों की चह्-चह् का

जिन्हें अभ्यास हो

रात्रि का निर्जन अकेलापन

उन्हें

कैसे रुचे ?



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org