हिन्दी साहित्य काव्य संकलन: मयंक अवस्थी
मयंक अवस्थी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
मयंक अवस्थी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

गुरुवार, 23 फ़रवरी 2012

ग़ज़ल- खुशफहमियों में चूर ,अदाओं के साथ –साथ

ग़ज़ल- खुशफहमियों में चूर ,अदाओं के साथ –साथ

खुशफहमियों में चूर ,अदाओं के साथ –साथ
भुनगे भी उड़ रहे हैं हवाओं के साथ –साथ
पंडित के पास वेद लिये मौलवी क़ुरान
बीमारियाँ लगी हैं दवाओं के साथ –साथ
वो ज़िन्दगी थी इसलिये हमने निभा दिया
उस बेवफा का संग वफ़ाओं के साथ –साथ
इस हादसों के शहर में सबकी निगाह में
खामोशियाँ बसी हैं सदाओं के साथ –साथ
उड़ती है आज सर पे वही रास्ते की धूल
जो कल थी रहग़ुज़ार में पाँओं के साथ –साथ
जज़बात खो गये मेरे आँसू भी सो गये
बच्चों को नींद आ गयी माँओ के साथ-साथ
मयंक अवस्थी


सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

ग़ज़ल - मेरी ही धूप के टुकड़े चुरा के लाता है

ग़ज़ल - मेरी ही धूप के टुकड़े चुरा के लाता है - (कवि - चन्द्र भूषण सिंह)

मेरी ही धूप के टुकड़े चुरा के लाता है
मेरा ही चाँद मुझे कहकशाँ दिखाता है

ये किसकी प्यास से दरिया का दिल है ख़ौफज़दा
हवा भी पास से ग़ुज़रे तो थरथराता है

बदन की प्यास वो शै है कि कोई सूरज भी
सियाह झील की बाँहों में डूब जाता है

अना के दार पे इक शाहराह खुलती है
जिसे कि बस कोई बेदार देख पाता है

बदनफरोश हुये आज रूह के रहबर
ये वक्त देखिये अब और क्या दिखाता है

कोई हक़ीर भटकता है शाहराहों पर
अना का दश्त मुझे रास्ता दिखाता है

उसी ने नाम लिखा ज़िन्दगी के कागज़ पर
ये और बात वही बाद में मिटाता है

वो शख़्स ख़ुद ही कोई तिश्नगी का सहरा है
जो इक सराब दिखा कर मुझे बुलाता है

मयंक अवस्थी

अना के दार =स्वाभिमान की सूली
शाहराह ==राजपथ
हक़ीर ==तुच्छ
बदनफरोश= शरीर बेचने वाले



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

ग़ज़ल - तारों से और बात में कमतर नहीं हूँ मैं

ग़ज़ल - तारों से और बात में कमतर नहीं हूँ मैं - (कवि - चन्द्र भूषण सिंह)

तारों से और बात में कमतर नहीं हूँ मैं
जुगनू हूँ इसलिये कि फ़लकपर नहीं हूँ मैं

सदमों की बारिशें मुझे कुछ तो घुलायेंगी
पुतला हूँ ख़ाक का कोई पत्थर नहीं हूँ मैं

दरिया-ए-ग़म में बर्फ के तोदे की शक्ल में
मुद्दत से अपने क़द के बराबर नहीं हूँ मैं

उसका ख़याल उसकी ज़ुबाँ उसके तज़्किरे
उसके क़फ़स से आज भी बाहर नहीं हूँ मैं

मैं तिश्नगी के शहर पे टुकड़ा हूँ अब्र का
कोई गिला नहीं कि समन्दर नहीं हूँ मैं

टकरा के आइने से मुझे इल्म हो गया
किर्चों से आइने की , भी बढकर नहीं हूँ मैं

क्यूँ ज़हर ज़िन्दगी ने पिलाया मुझे "मयंक"
वो भी तो जानती थी कि ,शंकर नहीं हूं मैं
मयंक अवस्थी

तज़्किरे –ज़िक्र
तिश्नगी =प्यास
अब्र =बादल
दरिया-ए-ग़म=दु:ख के दरिया में
बर्फ केतोदे==बर्फ क ढेर (हिमशैल का छोटा रूप )



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

ग़ज़ल- कभी यकीन की दुनिया में जो गये सपने

ग़ज़ल- कभी यकीन की दुनिया में जो गये सपने - (कवि - चन्द्र भूषण सिंह)

कभी यकीन की दुनिया में जो गये सपने
उदासियों के समन्दर में खो गये सपने

बरस रही थी हक़ीकत की धूप घर बाहर
सहम के आँख के आँचल में खो गये सपने

कभी उड़ा के मुझे आसमान तक लाये
कभी शराब में मुझको डुबो गये सपने

हमीं थे नींद में जो उनको सायबाँ समझा
खुली जो आँख तो दामन भिगो गये सपने

खुली रही जो मेरी आँख मेरे मरने पर
सदा –सदा के लिये आज खो गये सपने

मयंक अवस्थी



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

ग़ज़ल - क़ैदे- शबे- हयात बदन में गुज़ार के

ग़ज़ल - क़ैदे- शबे- हयात बदन में गुज़ार के - (कवि - चन्द्र भूषण सिंह)

क़ैदे- शबे- हयात बदन में गुज़ार के
उड़ जाऊँगा मैं सुबह अज़ीयत उतार के

इक धूप ज़िन्दगी को यूँ सहरा बना गयी
आये न इस उजाड़ में मौसम बहार के

ये बेगुनाह शम्म: जलेगी तमाम रात
उसके लबों से छू गये थे लब शरार के

सीलन को राह मिल गयी दीमक को सैरगाह
अंजाम देख लीजिये घर की दरार के

सजती नहीं है तुमपे ये तहज़ीब मग़रिबी
इक तो फटे लिबास हैं वो भी उधार के

बादल नहीं हुज़ूर ये आँधी है आग की
आँखो से देखिये ज़रा चश्मा उतार के

जब हथकड़ी को तोड़ के क़ाफ़िर हुआ फ़रार
रोते रहे असीर ख़ुदा को पुकार के

मयंक अवस्थी
क़ैदे- शबे- हयात- जीवन रूपी रात्रि की कैद
मग़रिबी –पश्चिमी



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

ग़ज़ल - वही अज़ाब वही आसरा भी जीने का

ग़ज़ल - वही अज़ाब वही आसरा भी जीने का - (कवि - चन्द्र भूषण सिंह)

वही अज़ाब वही आसरा भी जीने का
वो मेरा दिल ही नहीं ज़ख्म भी है सीने का

मैं बेलिबास ही शीशे के घर में रहता हूँ मुझे भी शौक है अपनी तरह से जीने का

वो देख चाँद की पुरनूर कहकशाओं मे
तमाम रंग है खुर्शीद के पसीने का

मैं पुरख़ुलूस हूँ फागुन की दोपहर की तरह
तेरा मिजाज़ लगे पूस के महीने का

समंदरों के सफ़र में सम्हाल कर रखना
किसी कुयें से जो पानी मिला है पीने का

" मयंक" आँख में सैलाब उठ न पाये कभी
कि एक अश्क मुसाफिर है इस सफीने का

मयंक अवस्थी

अज़ाब=पीड़ा
पुरनूर कहकशाओं = ज्योतिर्मय व्योम गंगाओं
खुर्शीद=सूर्य
पुरखुलूस=अत्मीयता से भरा हुआ



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org