हिन्दी साहित्य काव्य संकलन: नरेन्द्र मोहन
नरेन्द्र मोहन लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
नरेन्द्र मोहन लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

मंगलवार, 28 फ़रवरी 2012

जंगल

जंगल - (कवि - नरेन्द्र मोहन)

मेरे साथ-साथ
भाग रहा
जंगल
दोनों तरफ
और मैं सीधा सुरक्षित रास्ता छोड़
भाग जाना चाहता हूँ
जंगल में
एक जंगल चित्र में
एक चित्र से बाहर
मैं बाहर आ खड़ा हुआ हूँ चित्र से
जंगल में
कौन है यहाँ मेरा सगा
पुकारता मुझे !


सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

चित्र में माँ

चित्र में माँ - (कवि - नरेन्द्र मोहन)

माँ के उरोज़ों के बीच
बहती-लहराती नदी में
डूबता-उतराता रहता था
बचपन में

आज मैं साठ की दहलीज पर हूँ
कई तीखी-गहरी, मदमाती-उफनती नदियाँ
देख चुका हूँ
कई नद, नाले, पहाड़
लाँघ चुका हूँ

आज न माँ है न नदी
चित्र है नदी का और
माँ याद आती है !



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

अन्त

अन्त - (कवि - नरेन्द्र मोहन)

मैं मौन का दरवाज़ा
लांघता हूँ
बिना शब्द किए
अन्त की ओर

यहाँ न रंग दिखते हैं न रेखाएँ
न रूप न अरूप
दिखती है
एक चमकीली मछली
जूझती
हाँफती
तेज़ लहरों के खिलाफ

अन्त की शुरूआत ऐसे ही होती है क्या ?



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

कौन पढ़ेगा ?

कौन पढ़ेगा ? - (कवि - नरेन्द्र मोहन)

रंगों की बुनावट में चमक है
अब भी

चमक में छिपा है कोई संदेश
कल का
कल के लिए

गिरती दीवारों पर अंकित है
एक अबूझ लिपि

कौन पढ़ेगा
ढहती इमारत की भाषा ?



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

एक खिड़की खुली है अभी

एक खिड़की खुली है अभी - (कवि - नरेन्द्र मोहन)

एक ही राह पर चलते चले जाने और
हर आंधी से ख़ुद्को बचाते रहनेकी आदत ने
आख़िर मुझे पटखी दिया
उस अजीबो-गरीब हवेली में
बंद होते गएजिसके
बाहरी-भीतरी दरवाज़े एक-एक कर
मेरे पीछे

घुप्प अंधेरे में
देखता हूँ
सीढ़ीनुमा एक खिड़की
खुलती हुई
आसमान की तरफ
जीना सिखाती
आती है यहीं से
कभी चमचमाती धूप, रिमझिमाते बादल,
कभी ओलों की बौछार
झपट्टा मारती चमकती आँखों वाली बिल्ली…

पहले की तरह
इस बार मैं डरा हुआ नहीं हूँ
खुली खिड़की–
हँसती है
रोती है/ सुबकती है/ थिरकती है/ ढहती है

अंधेरी हवेली में
एक खिड़की खुली है अभी ।



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

स्मृति : एक हादसा

स्मृति : एक हादसा - (कवि - नरेन्द्र मोहन)

आगे देखते हुए
पीछे देखना
और पीछे देखते हुए
आज को फलांग
आगे की अटकलें
एक हिक़मत

पीछे त्रास, सामने लोभ और
आगे ‘कुछ भी नहीं’ का अंधेरा
स्मृति एक तार है
आगे-पीछे खिंचता
टूटता-टूटता
न टूटता
कोई अज्ञात संकेत या आशंका
इतिहास के खेल में
स्मृति
एक हादसा ।



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

माँ

माँ - (कवि - नरेन्द्र मोहन)

एक मायावी तंत्र में जकड़ा
कातर चुप्पी में गुम
भभक उठता हूँ कभी-कभी
तो याद आती है माँ!

सारे तारों को बराबर संतुलन में
खींचे रखते हुए भी अपनी भभक में
माँ की-सी भभक का आभास क्यों होता है
क्यों एक क्रुद्ध आकृति मेरे स्नायु-तंत्र को
खींचती और तोड़ती-सी लगती है

सोचता हूँ
परिस्थिति और संस्कार को
नागफाँस में
यों ही नहीं भभक उठती होगी माँ
हताश मासूम आँखों में करुणा लिए
भयाक्रांत
जैसे कोई शरणार्थी
कटे हुए ख़ूनी दृश्यों को लांघता, बचता, घिसटता

माँ! पालती, दुलारती, उसारती घर
एक-एक कण को बटोरती-सहेजती
आत्म-सम्मान के ढुह पर ठहरी-ठहरी
कैसे बेघर हो खड़ी है सामने
बदहवासी में काँपती देखती है मुझे
आग्नेय नेत्रों से
टूटी अंगुली के दर्द से कराहती निरीह

ताकती है मुझे नवजात शिशु के उमड़ते भाव से
जबकि मैं जवान
उसकी आस्था से बना पुख़्ता और बलवान
मेरा जिस्म पत्थर-सा पड़ा
क्यों नहीं उठा पाता उसे रोक पाता
उस तट पर जाने से
जहाँ डूबने से बच नहीं पाया कोई

‘कम्बल पर अभिमंत्रित एक अकेलेपन में डूब गया था’ केश कम्बली
कला साधना में
लय की चरमता में लीन
और एक अकेलेपन में डूब गई माँ
छुटी-कटी लय
खंडित हिस्सों में बिखरी, लुटी, असहाय

एक मायावी तंत्र में जकड़ा
कतर चुप्पी में गुम
भभक उठता हूँ कभी-कभी
तो याद आती है माँ!



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org

सन्नाटा

सन्नाटा - (कवि - नरेन्द्र मोहन)

मैं रंगों से हो कर
रंगों में गया हूँ
रेखाओं से निकल कर
रेखाओं में समाया हूँ

यह संयोजन नहीं
सन्नाटा है
नहीं, सन्नाटे का रंग-दर्शन है
जहाँ मैं हूँ
मैं नहीं हूँ

कहाँ गुम हो गया है मेरा शब्द
क्या शब्द से बाहर है
यह सन्नाटा ?



सभी रचनायें देखने के लिये क्लिक करें
http://www.hindisahitya.org